राजगढ़ (धार)। सनातन संस्कृति रक्षा मंच के तत्वावधान में गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को राजगढ़ में भव्य हिंदू दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे अभिनंदन गार्डन,म्यूजियम के पास, मोहनखेड़ा तीर्थ मार्ग, राजगढ़ में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महंत परम पूज्य गुरुदेव श्री राम प्रकाश दास जी महाराज,श्री महावीर हनुमान गौशाला मंदिर,मोयाखेड़ा (मोहनखेड़ा-पिपरनी रोड) उपस्थित रहेंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में मनोज परमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दलित समाज उत्थानकर्ता, इंदौर शामिल होंगे।
सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश देगा आयोजन
सनातन संस्कृति रक्षा मंच की विचारधारा है कि समाज के सभी वर्गों के लोग एक स्थान पर एकत्रित होकर आपसी प्रेम, स्नेह और सौहार्द के साथ मिलन करें। साथ ही नगर के सुख-दुःख में एक-दूसरे के सहभागी बनें और सामाजिक एकता को मजबूत करें।
इसी उद्देश्य को लेकर आयोजित इस दीपावली मिलन समारोह के माध्यम से राजगढ़ को संस्कारयुक्त,स्वच्छ, सुरक्षित एवं एकजुट नगर बनाने का संकल्प भी सामने रखा जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य केवल दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करना ही नहीं,बल्कि सामाजिक समरसता,परस्पर सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना भी है। मंच की ओर से नगरवासियों से समारोह में सहभागिता कर सामाजिक एकता के इस संदेश को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया है।


