राजगढ़ (धार)। नगर परिषद राजगढ़ के वार्ड क्रमांक 13 में स्थित दलपुरा (आरा मशीन वाली) नवीन कॉलोनी के नामकरण को लेकर रहवासियों ने पहल की है। कॉलोनीवासियों ने सर्वसम्मति से कॉलोनी का नाम ‘गोकुलधाम कॉलोनी’ रखने की मांग की है।
कॉलोनी निवासी प्रकाश राठौड़ ने बताया कि दलपुरा क्षेत्र की इस नवीन कॉलोनी में वर्तमान में लगभग 50 से 60 परिवार निवास कर रहे हैं। हालांकि शासकीय अभिलेखों में कॉलोनी का कोई निर्धारित नाम दर्ज नहीं होने के कारण रहवासियों को निवास प्रमाण पत्र, विद्युत कनेक्शन और डाक संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों ने भाजपा नेता निलेश सोनी को मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद राजगढ़ के नाम मांग पत्र सौंपा। इसके बाद पार्षद रितु निलेश सोनी के माध्यम से समस्त कॉलोनीवासियों के हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र को 5 सितंबर 2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद राजगढ़ के कार्यालय में सौंपा गया।
भगवान श्री कृष्ण की नगरी के नाम पर रखने की मांग
कॉलोनीवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि कॉलोनी का नाम भगवान श्री कृष्ण की नगरी गोकुल के नाम पर ‘गोकुलधाम कॉलोनी’ रखा जाए। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी का नाम निर्धारित होने से क्षेत्र की पहचान स्पष्ट होगी और शासकीय एवं डाक संबंधी कार्यों में भी सुविधा मिल सकेगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कार्यालय द्वारा रहवासियों का आवेदन प्राप्त कर लिया गया है। अब भविष्य में होने वाली नगर परिषद राजगढ़ की बैठक में कॉलोनी के नामकरण से संबंधित प्रस्ताव रखा जा सकता है।
कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि उनके प्रस्ताव पर विचार करते हुए दलपुरा (आरा मशीन वाली) नवीन कॉलोनी का नाम आधिकारिक रूप से ‘गोकुलधाम कॉलोनी’ किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।


