महावीर स्थानक भवन में 8 सितंबर से पर्वाधिराज पर्युषण पर्व का शुभारंभ,15 सितंबर को संवत्सरी महापर्व

राजगढ़ महावीर स्थानक भवन में पर्युषण पर्व 2026





 


  राजगढ़/ धार। महावीर स्थानक भवन में 8 सितंबर से पर्वाधिराज पर्युषण पर्व का शुभारंभ होगा। पर्युषण पर्व के दौरान जिनशासन की आराधना,स्वाध्याय,तपस्या सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 15 सितंबर को संवत्सरी महापर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा।

 पूज्य धर्मदास जैन स्वाध्याय संघ,थांदला द्वारा जिन संघों में चातुर्मास नहीं होते हैं,वहां धर्म आराधना और स्वाध्याय के लिए स्वाध्याय भाई-बहनों को भेजा जाता है। इस वर्ष लगभग 37 संघों में 96 स्वाध्याय भाई-बहनों को धर्म आराधना एवं स्वाध्याय के लिए भेजा गया है।

 पर्युषण पर्व के दौरान धर्म आराधना कराने के लिए रिंगनोद संघ में चांदनी जैन झाबुआ से पधार रही हैं। वहीं नीलम पगारिया,सुनीता चंडालिया धार एवं पूजा जी कटारिया इंदौर आठों दिनों तक राजगढ़ संघ में धर्म आराधना और स्वाध्याय कराएंगी।

 पर्युषण पर्व के दौरान महावीर स्थानक भवन में प्रतिदिन अंतगढ़ सूत्र का वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक आराधनाएं भी आयोजित होंगी। श्रद्धालुओं द्वारा उपवास,एकासन,आयंबिल और निवी सहित विभिन्न प्रकार की तपस्याएं की जाएंगी।

 प्रतिदिन राई प्रतिक्रमण,सुबह प्रार्थना,सूत्र का वाचन और प्रवचन के साथ देवसी प्रतिक्रमण किया जाएगा। दोपहर के समय धार्मिक ज्ञान-चर्चा सहित अन्य धार्मिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

  पर्युषण पर्व के दौरान आयोजित होने वाली धर्म आराधना और धार्मिक कार्यक्रमों में श्रावक-श्राविकाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म आराधना एवं तपस्या का लाभ लेने तथा जिनशासन की प्रभावना में सहभागी बनने का अनुरोध किया गया है।

 यह जानकारी संघ के हितेश वागरेचा ने दी।