![]() |
| फाइल फोटो |
अमझेरा। धार जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां अमका झमका मंदिर परिसर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को विगत वर्ष पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं मां अमका झमका मंदिर निर्माण समिति के संरक्षक कमल यादव द्वारा श्रीकृष्ण रुक्मिणी लोक निर्माण के संबंध में प्रस्तुत मांग पत्र पर अब सकारात्मक कार्रवाई हुई है।
मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधाओं के विकास के लिए प्रथम चरण में लगभग 2 करोड़ 75 लाख रुपये (2.7515 करोड़ रुपये) के विकास कार्यों हेतु निविदा आमंत्रित की गई है। इस स्वीकृति को क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पहले चरण में होंगे ये प्रमुख विकास कार्य
पर्यटन विकास निगम द्वारा प्रस्तावित प्रथम चरण के कार्यों में मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इनमें शामिल हैं—
* बाउंड्री वॉल का निर्माण
* चैनल लिंक फेसिंग
* मंदिर का जीर्णोद्धार
* जनसुविधा केंद्र
* पार्किंग व्यवस्था
* गार्ड रूम
* पेयजल सुविधा
* डस्टबिन की स्थापना
* बैठने के लिए बेंच सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं
इन कार्यों के पूरा होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
दूसरे चरण में श्रीकृष्ण रुक्मिणी लोक निर्माण होगा भव्य
समिति के अनुसार श्रीकृष्ण रुक्मिणी लोक निर्माण को मध्य प्रदेश सरकार की श्रीकृष्ण पाथेय परियोजना के अंतर्गत शामिल किया गया है। वर्तमान में इस परियोजना के लिए वास्तुविद के चयन की प्रक्रिया जारी है। इसके बाद दूसरे चरण में बड़े और भव्य स्तर पर निर्माण कार्य किए जाएंगे, जिससे अमझेरा का यह धार्मिक स्थल पर्यटन की दृष्टि से भी नई पहचान प्राप्त कर सकेगा।
धार जिले में खुशी का माहौल
विकास कार्यों की स्वीकृति के बाद केवल अमझेरा ही नहीं, बल्कि पूरे धार जिले के श्रद्धालुओं में उत्साह और हर्ष का माहौल है। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष प्रकाश राठौर सहित गोविंद गुप्ता,राजेंद्र शर्मा,मुकेश पंडित,विक्रम राठौर,अभिजीत पंडित,अमित तिवारी,पिंटू सोनी,राजेश चौहान,अनुराग चंदेरिया, सुमित पंडित,निशीथ पंडित,शिवा मकवाना और अर्पित शर्मा सहित अनेक भक्तों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा पर्यटन विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। श्रीकृष्ण पाथेय परियोजना के आगामी चरणों के पूरा होने के बाद अमझेरा का मां अमका झमका मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।


