पांच धाम एक मुकाम माताजी मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक-
राजगढ़ (धार)। श्रावण माह के दूसरे सोमवार 10 अगस्त को राजगढ़ नगर में बाबा चंद्रमौलेश्वर की दूसरी शंकर सवारी श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में निकाली गई। महात्मा गांधी मार्ग स्थित प्राचीन श्री राम मंदिर से शाम को सवारी प्रारंभ हुई। नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए सवारी पुनः श्री राम मंदिर पहुंची, जहां आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया।
सावन के दूसरे सोमवार को नगर के शिवालयों में शिवभक्तों की आवाजाही रही। अनेक शिवालयों में धार्मिक अनुष्ठान भी हुए। नगर के पांच धाम एक मुकाम माताजी मंदिर में सावन माह के दौरान प्रतिदिन मंशा महादेव का अभिषेक-पूजन परम पूज्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज, हेमंत भारद्वाज एवं कृष्णा भारद्वाज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। सोमवार को मध्यरात्रि से मंशा महादेव के रुद्राभिषेक के लिए शिवभक्तों का क्रम शुरू हुआ, जो सुबह तक जारी रहा।

