स्थानकवासी श्री संघ में प्रत्येक माह की वदी नवमी को होगा जाप-तप और त्याग का आयोजन, श्रावण वदी नवमी पर मनाई जाएगी वार्षिक पुण्यतिथि
राजगढ़ (धार)। स्थानीय स्थानकवासी श्रावक संघ में मालव केसरी गुरुदेव श्री सौभाग्यमलजी महाराज साहब की मासिक पुण्यतिथि के अवसर पर धार्मिक जाप आयोजन की शुरुआत की गई। कार्तिक वदी नवमी, मंगलवार को स्थानक भवन में आयोजित प्रथम माह के जाप में श्री संघ के बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
गुरु सौभाग्य प्रकाश भक्त मंडल के प्रांतीय सदस्य हेमंत वागरेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवर्तक गुरुदेव श्री प्रकाशमुनिजी महाराज साहब निर्भय की पावन प्रेरणा से स्थानकवासी श्री संघ द्वारा मालव केसरी गुरुदेव श्री सौभाग्यमलजी महाराज साहब की मासिक पुण्यतिथि प्रत्येक माह की वदी नवमी तिथि को जाप, तप और त्याग के साथ मनाने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रथम मासिक जाप का आयोजन किया गया।
इस माह के जाप आयोजन का लाभ वर्धमान खाबिया परिवार द्वारा लिया गया। वहीं आगामी माह की वदी नवमी पर होने वाले जाप के आयोजन का लाभ रवि मोहनलाल वागरेचा परिवार द्वारा लिया जाएगा। श्री संघ के कुल 12 परिवारों ने जाप आयोजन का लाभ प्राप्त किया है।
वार्षिक पुण्यतिथि आयोजन का स्थायी लाभ वागरेचा परिवार को
गुरुदेव श्री की मुख्य वार्षिक पुण्यतिथि श्रावण वदी नवमी के अवसर पर आयोजित होने वाले जाप का स्थायी लाभ वीरेन्द्र कुमार वागरेचा परिवार द्वारा लिया गया है। इसके अतिरिक्त गुरुदेव श्री के महाप्रयाण दिवस 22 जुलाई को भी प्रतिवर्ष श्री संघ में विशेष जाप का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मालव केसरी गुरुदेव श्री सौभाग्यमलजी महाराज साहब का महाप्रयाण 22 जुलाई 1984 को रतलाम शहर में हुआ था। उनकी स्मृति में आयोजित किए जा रहे ये धार्मिक कार्यक्रम श्री संघ में गुरु स्मरण, आध्यात्मिक साधना और धार्मिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाने का माध्यम बनेंगे।
मासिक जाप आयोजन की शुरुआत के साथ ही श्री संघ में गुरुदेव श्री के प्रति श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का भाव देखने को मिला।



