रिपोर्ट: विक्रम सिंह राठौर
अमझेरा/धार। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित अमझेरा दौरे की चर्चाओं के बीच प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार शाम धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने अमका-झमका तीर्थ पहुंचकर मंदिर परिसर, प्रस्तावित हेलीपेड और कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री पिछले दो वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अमझेरा स्थित माता अमका-झमका तीर्थ में श्रीकृष्ण-रुक्मिणी वरण स्थली पर मनाते रहे हैं। ऐसे में 4 सितंबर को उनके संभावित आगमन को लेकर प्रशासन पहले से तैयारियों का जायजा ले रहा है।
हेलीपेड से लेकर मंदिर परिसर तक हुआ निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने मंदिर परिसर के ऊपर स्थित पहाड़ी पर प्रस्तावित हेलीपेड का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने माता अमका-झमका मंदिर में दर्शन किए और मंदिर समिति तथा पुजारी अभिजीत पंडित से व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा,आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली, ताकि संभावित वीआईपी दौरे की स्थिति में सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।
दो दिवसीय श्रीकृष्ण पर्व की तैयारियों का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर के पीछे स्थित उस कार्यक्रम स्थल का भी दौरा किया, जहां मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा 3 और 4 सितंबर को दो दिवसीय श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन प्रस्तावित है।
अधिकारियों ने आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा, मंच व्यवस्था, आगंतुकों की सुविधाएं और सुरक्षा प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
लगातार तीसरे वर्ष आगमन की संभावना पर बढ़ी उत्सुकता
हालांकि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन जिला प्रशासन की सक्रियता ने स्थानीय स्तर पर संभावित दौरे की चर्चाओं को और तेज कर दिया है। यदि कार्यक्रम तय होता है, तो यह लगातार तीसरा अवसर होगा जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अमझेरा स्थित अमका-झमका तीर्थ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर पहुंचेंगे।



