राजगढ़ में राधेश्याम बारोड़ बने श्री गणपति अंबिका युवा मंच के उपाध्यक्ष,युवाओं ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न

राजगढ़ में श्री गणपति अंबिका युवा मंच के उपाध्यक्ष बने राधेश्याम बारोड़ का स्वागत करते समाजजन।
श्री गणपति अंबिका युवा मंच का उपाध्यक्ष मनोनीत होने पर राधेश्याम बारोड़ का सम्मान करते समाजजन




 





  राजगढ़ (धार)। नगर की धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री गणपति अंबिका युवा मंच की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद राधेश्याम बारोड़ को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर समाजजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर राजपूत समाज के युवाओं ने पुराना बस स्टैंड पर उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया, आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।

 स्वागत कार्यक्रम के दौरान समाज के युवाओं ने राधेश्याम बारोड़ को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।

तेजाजी मंदिर परिसर में हुई सामाजिक बैठक


 सम्मान समारोह के बाद श्री राजपूत युवा विकास मंच की ओर से तेजाजी मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

 बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पूरे उत्साह और परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। साथ ही प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।

 इसके अलावा तेजा दशमी के अवसर पर समाजजनों के लिए सहभोज आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकजुटता को और मजबूत किया जा सके।

युवाओं की भागीदारी से मिलती है नई दिशा


 बैठक का संचालन करते हुए पत्रकार प्रभुसिंह राजपूत ने कहा कि समाज की एकजुटता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों को नई दिशा देती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और तेजा दशमी जैसे पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी हैं।

ये रहे उपस्थित


  कार्यक्रम में मंच संयोजक विक्रम बारोड़, हुकुमसिंह रेवर, दिनेश सिसोदिया, अध्यक्ष विजेंद्र बारोड़, गोलू राठौर, देवीसिंह रेवर, पवन बारोड़, प्रदीप पंवार, राजेश बारोड़ सहित समाज के अनेक युवा उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अल्पेश बारोड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया।