राजगढ़ (धार)। नगर में भुजरिया पर्व का उल्लास शनिवार को उस समय चरम पर पहुंच गया, जब श्री सकल पंच गवली समाज राजगढ़ की ओर से परंपरा के अनुरूप विशाल धर्म जुलूस निकाला गया। धार्मिक आस्था, रंग-बिरंगी झांकियों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस चल समारोह ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
दोपहर में गवली मोहल्ले से प्रारंभ हुआ यह भव्य जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लाल बाई फूल बाई स्थान पर पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और नागरिकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
धर्म जुलूस के दौरान समाज के वरिष्ठजनों के साथ समाज अध्यक्ष मांगीलाल चंदेल और युवा अध्यक्ष रितिक पटेल का विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए फलाहार का वितरण भी किया गया, जिससे पूरे आयोजन का धार्मिक और सामाजिक वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण बना रहा।
झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
चल समारोह में राजकमल बैंड की मधुर धुनों के साथ भगवान जगन्नाथ, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान गणेश के बाल स्वरूप की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। आदिवासी नृत्य दल की प्रस्तुति, पेपर तोप, गोरिल्ला प्रस्तुति, लाइव भजन संध्या तथा देपालपुर से पहुंचे नासिक ढोल की गूंज ने पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना दिया।
इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण के डोले और मां कालिका की विशेष प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे मार्ग में लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ जुलूस का स्वागत किया।
इन प्रमुख मार्गों से निकला चल समारोह
भव्य धर्म जुलूस गवली मोहल्ले से प्रारंभ होकर भगवा चौक, चबूतरा चौक,लाल दरवाजा,तीन बत्ती चौराहा और श्री राधा कृष्ण मंदिर मार्ग से होते हुए नया बस स्टैंड,पुराना बस स्टैंड होते हुए लाल बाई फूल बाई स्थान पर पहुंचा,जहां धार्मिक विधि-विधान के साथ आयोजन का समापन हुआ।







