55 आराधकों की 1 अगस्त से 30 दिवसीय बृहत शांति महातप साधना जारी
राजगढ़ (धार)। नगर स्थित नवरत्न आराधना भवन में प. पु. साध्वी श्री हेमेंद्र श्रीजी म. सा. {दादी म. सा.}की पावन निश्रा में चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में रविवार को श्री कुमारपाल महाराज का ऐतिहासिक चल समारोह अत्यंत धूमधाम और भक्तिभाव के साथ निकाला गया। इस अवसर पर बच्चों में संस्कार सिंचन हेतु सामूहिक पूजन संपन्न हुआ, वहीं 1 अगस्त से 55 आराधकों की 30 दिवसीय वृहद शांति तप साधना का भी शुभारंभ हुआ।
चारथूई श्री संघ अध्यक्ष गौरव नानासेठ व चातुर्मास समिति अध्यक्ष हर्षित पॉसित्रा ने बताया कि नवरत्न आराधना भवन से पहली बार श्री कुमारपाल महाराज का भव्य चल समारोह प्रातः 7:30 बजे निकाला गया। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकले इस चल समारोह में सकल जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर धर्म लाभ लिया।
100 से अधिक बच्चों ने लिया नियम
भवन परिसर में बच्चों के लिए विशेष सामूहिक पूजन का आयोजन किया गया, जिसका पुण्यार्जन सुभाष मुठारीया परिवार ने प्राप्त किया। पूजन के दौरान 100 से भी अधिक बच्चों ने भक्तिभाव से देव-दर्शन कर प्रतिदिन पूजा करने का नियम ग्रहण किया। बच्चों को धर्म मार्ग पर प्रेरित करने के लिए तीन विशेष उपहार (गिफ्ट) प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस मांगलिक अवसर पर बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे।
आरंभ हुई 30 दिवसीय साधना
साध्वीश्रीजी के सानिध्य में 55 आराधकों की 30 दिवसीय (एक माह/31 अगस्त तक चलने वाली) वृहद शांति तप साधना शनिवार,1 अगस्त से प्रारंभ हो चुकी है। साधना के दौरान परमात्मा विराजमान कराने का लाभ प्रदीप कुमार - संतोषमल परिवार ने तथा परमात्मा को पुष्प अर्पित करने का लाभ दिनेश बागमल संघवी ने लिया। कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी अभिषेक जैन ने दी।

