धार। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में रविवार को धार जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का वर्चुअल शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के 28 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े 1 करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत की परिकल्पना पर आधारित इस महाअभियान की शुरुआत की।
धार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और विशेष अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक नीना वर्मा उपस्थित रहीं।
नशा मुक्त युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत: सावित्री ठाकुर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने युवाओं को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया और उन्हें इससे दूर रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी विकसित बन सकता है,जब उस देश की युवा शक्ति पूरी तरह से नशा मुक्त,स्वस्थ और ऊर्जावान हो। युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।
विधायक नीना वर्मा ने दिलाई सामूहिक शपथ
समारोह में उपस्थित सैकड़ों युवाओं और छात्र-छात्राओं को विधायक नीना वर्मा द्वारा नशा मुक्त जीवन जीने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और इस अभियान के अग्रदूत बनकर समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का कार्य करें।
100 सप्ताह तक चलेगा जागरूकता अभियान
जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि मेरा युवा भारत के माध्यम से यह विशेष कार्यक्रम आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न जागरूकता रैलियां, खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वॉलंटियरिंग गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के जाल से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में गणमान्य जन रहे मौजूद
समारोह के अंत में एनएसएस जिला संगठक केसर सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन टिषा ठाकुर ने किया। इस अवसर पर पीजी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. एस. बघेल, विशाल निगम, एपीए किरण यादव, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत वॉलंटियर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

