मनसा महादेव व्रत 2026 रविवार 16 अगस्त से शुरू होगा। राजगढ़ में चतुर्थी तिथि में संकल्प लेकर विधिवत पूजन करने की अपील की गई है....
राजगढ़/धार। मनसा महादेव व्रत का शुभारंभ रविवार 16 अगस्त 2026 से होने जा रहा है। व्रत को लेकर राजगढ़ नगर में श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। इसी बीच पांच धाम एक मुकाम अति प्राचीन माताजी मंदिर के ज्योतिषाचार्य एवं कथावाचक परम पूज्य पुरुषोत्तम भारद्वाज ने श्रद्धालुओं से मनसा महादेव व्रत के संकल्प और पूजन को शास्त्रोक्त विधि के अनुसार करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि मनसा महादेव व्रत का संकल्प चतुर्थी तिथि में ही लिया जाना चाहिए। संकल्प के उपरांत ही भगवान मनसा महादेव का विधिवत पूजन करना उचित माना जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि भीड़ अथवा किसी अन्य कारण से रात्रि 12 बजे से सूर्योदय से पहले संकल्प लेने की जल्दबाजी न करें।
परम पूज्य श्री पुरुषोत्तम भारद्वाज ने कहा कि व्रत की धार्मिक परंपरा में संकल्प और पूजन का क्रम महत्वपूर्ण है। यदि पहले रात्रि में पूजन कर लिया जाए और बाद में प्रातः संकल्प किया जाए, तो यह निर्धारित पूजन क्रम के अनुरूप नहीं माना जाएगा। इसलिए श्रद्धालुओं को धैर्य रखते हुए चतुर्थी तिथि प्रारंभ होने के बाद संकल्प लेकर ही पूजन आरंभ करना चाहिए।
राजगढ़ के अति प्राचीन माताजी मंदिर तीर्थ पर मनसा महादेव व्रत का पहला संकल्प रविवार सुबह 6 बजे किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद श्रद्धालु अपनी सुविधा और धार्मिक परंपरा के अनुसार विधिवत व्रत एवं पूजन कर सकेंगे।
ज्योतिषाचार्य पुरुषोत्तम भारद्वाज ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में सुविधा से अधिक महत्व शास्त्र विधि, परंपरा और मर्यादा का है। सभी श्रद्धालु धैर्य और श्रद्धा के साथ मनसा महादेव का व्रत रखें तथा विधि-विधानपूर्वक भगवान का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।


