श्री चारभुजा युवा मंच की वार्षिक बैठक कल,39वीं कार्यकारिणी का होगा गठन






 



  राजगढ़ (धार)। नगर की अग्रणी धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री चारभुजा युवा मंच की वार्षिक बैठक शुक्रवार को शाम 4 बजे श्री चारभुजाजी मंदिर परिसर में आयोजित होगी।

बैठक में मंच के 39वें वर्ष के लिए नई कार्यकारिणी का निर्वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही बीते वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी आयोजनों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी।

कोषाध्यक्ष प्रस्तुत करेंगे 38वें वर्ष का आय-व्यय

  मंच अध्यक्ष सौरभ गर्ग ने बताया कि संस्था अपने 39वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। बैठक में कोषाध्यक्ष द्वारा 38वें वर्ष का आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सदस्यों के सुझाव लिए जाएंगे। 

  नई कार्यकारिणी के निर्वाचन की प्रक्रिया चारों संरक्षकों एवं मुख्य परामर्श समिति की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी।

38 वर्षों से कर रहा है धार्मिक आयोजनों का सफल संचालन

  स्मरणीय है कि श्री चारभुजा युवा मंच पिछले 38 वर्षों से नगर में धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। 

  मंच द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न सनातन मंदिरों में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर आकर्षक सामूहिक डोल यात्रा, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा और कथा समापन पर निकलने वाली ऐतिहासिक धर्मयात्रा का आयोजन किया जाता है। 

  इन आयोजनों में देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देकर धार्मिक वातावरण को भव्यता प्रदान करते हैं, वहीं हजारों श्रद्धालु भी इसमें सहभागी बनते हैं।