राजगढ़ (धार)। नगर की धार्मिक संस्था श्री चारभुजा युवा मंच की वार्षिक बैठक शुक्रवार शाम 5 बजे स्थानीय श्री चारभुजा मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कृष्ण बारोड को श्री चारभुजा युवा मंच का नया अध्यक्ष चुना गया। साथ ही मंच के संरक्षक के रूप में मांगीलाल राठौड़, कैलाश माहेश्वरी एवं दारासिंह चौहान की अनुशंसा की गई। इस अवसर पर मंच सदस्यों एवं पदाधिकारियों द्वारा नव नियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया गया। इसके पूर्व सुजीत ठाकुर द्वारा मंच के द्वारा गत वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। वही निवर्तमान अध्यक्ष सौरव गर्ग ने वर्षभर मंच के सदस्यों एवं पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
26 सितंबर को निकलेगी यात्रा
मंच के मनोज माहेश्वरी ने बताया कि श्री चारभुजा युवा मंच पिछले 38 वर्षों से नगर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। मंच द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न सनातन मंदिरों में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के अवसर पर आकर्षक सामूहिक डोल यात्रा, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा एवं कथा समापन पर ऐतिहासिक धर्मयात्रा का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों में देशभर के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देकर धार्मिक वातावरण को भव्यता प्रदान करते हैं, वहीं हजारों श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ऐतिहासिक धर्मयात्रा आगामी 26 सितंबर 2026 को निकाली जाएगी। इसके लिए मंच द्वारा तैयारियां शीघ्र प्रारंभ की जाएंगी। बैठक के पश्चात सभी सदस्यों ने सहभोज में सहभागिता कर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।

